ED Raid: उमेश शहरा और सीए से जुड़े ठिकानों पर बड़ी कार्रवाई, 58 करोड़ के बैंक लोन घोटाले की जांच तेज

 इंदौर। 58 करोड़ रुपए के बैंक लोन घोटाले को लेकर प्रवर्तन निदेशालय ने बड़ी कार्रवाई की है। दिल्ली से आई ईडी की टीम ने बुधवार को शहर के अलग-अलग इलाकों में उमेश शहरा, उनकी कंपनी से जुड़े सीए ईश्वर और उनसे संबंधित कुल चार ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। इस दौरान ईडी ने लेन-देन से जुड़े अहम दस्तावेज, बैंक रिकॉर्ड और अन्य फाइनेंशियल कागजात जब्त कर गहन जांच की।

ईडी सूत्रों के मुताबिक यह कार्रवाई वर्ष 2021 में सामने आए 58 करोड़ रुपए के बैंक लोन घोटाले से जुड़ी हुई है। जांच एजेंसी इस पूरे मामले में मनी ट्रेल और लोन की राशि के इस्तेमाल की बारीकी से पड़ताल कर रही है। दिनभर चली कार्रवाई के बाद ईडी की टीम इंदौर से दिल्ली रवाना हो गई, जहां जब्त किए गए दस्तावेजों का विस्तृत विश्लेषण किया जाएगा।

इस प्रकरण में रुचि ग्लोबल के कर्ताधर्ता भी ईडी के रडार पर हैं। एजेंसी लोन की स्वीकृति, दस्तावेजों की तैयारी और रकम के उपयोग को लेकर उनसे पूछताछ कर रही है। बताया जा रहा है कि वर्ष 2021 में बैंक ऑफ बड़ौदा के अधिकारियों ने रुचि ग्लोबल के कर्ताधर्ताओं के खिलाफ ईडी में शिकायत दर्ज कराई थी।

शिकायत में आरोप लगाया गया था कि फर्जी और भ्रामक दस्तावेजों के आधार पर बैंक से 58 करोड़ रुपए का लोन लिया गया और तय समय पर राशि चुकाई नहीं गई, जिससे बैंक को भारी नुकसान हुआ। मामले की गंभीरता को देखते हुए ईडी ने इसे धन शोधन से जुड़ा मानते हुए पीएमएलए एक्ट के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू की। फिलहाल ईडी जब्त दस्तावेजों और बैंक रिकॉर्ड के आधार पर आगे की कार्रवाई की तैयारी कर रही है और आने वाले दिनों में इस मामले में और बड़े खुलासों की संभावना जताई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *