युवक की गला रेतकर हत्या से फैली सनसनी, दूसरी मंजिल से फेंका गया शव, किराएदार ने दिया वारदात को अंजाम

धार। जिले के पीथमपुर सेक्टर-एक थाना क्षेत्र में देर रात एक सनसनीखेज हत्या की वारदात सामने आई है। महू-नीमच मार्ग स्थित वार्ड क्रमांक 7 में एक तीन मंजिला मकान में रहने वाले 23 वर्षीय अक्षय फुलवरे की उसके ही किराएदार ने चाकू से गला रेतकर बेरहमी से हत्या कर दी। वारदात के पीछे की वजह फिलहाल सामने नहीं आ सकी है, लेकिन घटना से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।

बताया जा रहा है कि अक्षय अपने परिवार के साथ उसी मकान में रहता था, जहां आरोपी अनिल विश्वकर्मा किराए से रह रहा था। बीती रात किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ, जो देखते ही देखते हिंसक हो गया। गुस्से में आकर किराएदार ने अक्षय पर चाकू से हमला किया और गला रेतकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद आरोपी ने शव को दूसरी मंजिल से नीचे फेंक दिया।

घटना के समय अक्षय का छोटा भाई नीचे की ओर आ रहा था, तभी उसने अपने भाई को गैलरी से नीचे फेंकते हुए देख लिया। उसने आरोपी को रोकने की कोशिश की, जिस पर दोनों के बीच हाथापाई भी हुई। परिजन घायल अक्षय को तुरंत नजदीकी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। थाना प्रभारी ओम प्रकाश अहीर ने बताया कि आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है और उसकी तलाश की जा रही है। प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि विवाद के बाद आरोपी ने वारदात को अंजाम दिया, हालांकि हत्या के वास्तविक कारणों की जांच जारी है। पुलिस हर पहलू से मामले की पड़ताल कर रही है और आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *