महागठबंधन अस्वस्थ, दिल्ली में होगा इलाज — मुकेश सहनी का राहुल और तेजस्वी पर तंज

पटना। Bihar Elections 2025: बिहार विधानसभा चुनाव का माहौल अब पूरी तरह गरम है! एनडीए अपनी सीट शेयरिंग का ऐलान कर चुका है, और अब सबकी निगाहें टिकी हैं महागठबंधन पर — जो फिलहाल, अंदरूनी मतभेदों से “अस्वस्थ” नज़र आ रहा है। इसी बीच वीआईपी प्रमुख मुकेश सहनी का बयान सोशल मीडिया पर तुफ़ान की तरह वायरल हो गया है।

दरअसल, लालू यादव, राबड़ी देवी और तेजस्वी यादव पहले ही दिल्ली पहुंच चुके हैं। वहीं पटना एयरपोर्ट से रवाना होते वक्त मुकेश सहनी ने सीट शेयरिंग को लेकर एक ऐसा बयान दिया जिसने सबका ध्यान खींच लिया। सहनी ने मुस्कुराते हुए कहा — “थोड़ा सा महागठबंधन अस्वस्थ हुआ है, अब हम भी दिल्ली जा रहे हैं क्योंकि सभी डॉक्टर वहीं पर मौजूद हैं। वहां बेहतर इलाज हो जाएगा और स्वस्थ होकर हम सब पटना लौटेंगे।”

उनका ये बयान सीधे तौर पर महागठबंधन की अंदरूनी कलह पर तंज था — लेकिन साथ ही ये सवाल भी छोड़ गया कि आखिर महागठबंधन का “सबसे बड़ा डॉक्टर” कौन है? राहुल गांधी या तेजस्वी यादव?

जानकारी के मुताबिक, दिल्ली में महागठबंधन के सभी बड़े नेता राहुल गांधी से मुलाकात करने वाले हैं, जहां सीट शेयरिंग को लेकर आखिरी फैसला लिया जाएगा। पहले उम्मीद थी कि ये ऐलान पटना में ही हो जाएगा, लेकिन राजद और कांग्रेस के बीच बातचीत नहीं बन पाई, जिसके चलते अब सारा मामला दिल्ली शिफ्ट हो गया है।

बिहार की सियासत अब और दिलचस्प मोड़ पर है — एक तरफ एनडीए पूरी तैयारी में है, तो दूसरी तरफ महागठबंधन इलाज के लिए दिल्ली रवाना हो चुका है। अब देखना ये होगा कि क्या “राजनीतिक डॉक्टरों” का इलाज वाकई असर दिखाता है, या फिर महागठबंधन की हालत और बिगड़ती है!

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *