भोपाल। राजधानी भोपाल की हुजूर विधानसभा से भाजपा विधायक रामेश्वर शर्मा ने हिंदुओं से तीन बच्चे करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि तीन बच्चे होना कोई अपराध नहीं है और हिंदू समाज को आगे आकर यह जिम्मेदारी निभानी चाहिए। रामेश्वर शर्मा ने बयान देते हुए कहा कि जो लोग पांच से पच्चीस बच्चे कर रहे हैं, उनसे भी हिंदुस्तान को बचाना जरूरी है।
दरअसल, यह चर्चा चल रही थी कि कैबिनेट बैठक में सरकारी नौकरी में दो बच्चों की अनिवार्यता खत्म करने से जुड़ा प्रस्ताव आ सकता है, लेकिन ऐसा कोई प्रस्ताव बैठक में नहीं लाया गया। इसी संदर्भ में बात करते हुए विधायक रामेश्वर शर्मा ने कहा कि नियम बदले या न बदले, हिंदुओं को तीन बच्चे जरूर करने चाहिए।
उन्होंने यह भी कहा कि आज कई परिवारों में बच्चे नहीं हो रहे हैं। इसकी बड़ी वजह यह है कि आज का युवा काफी देर से शादी कर रहा है, जिसके चलते परिवार सिमटते जा रहे हैं और कई कुटुंब धीरे-धीरे खत्म हो रहे हैं।

