कालाहांडी कोर्ट में सलमान खान और ऋतिक रोशन के खिलाफ केस दर्ज, जानिए क्या है पूरा मामला

ओडिशा के कालाहांडी जिले की खौती कोर्ट में बॉलीवुड एक्टर सलमान खान और ऋतिक रोशन के खिलाफ एक बड़ा मामला दर्ज किया गया है। यह केस माउंटेन ड्यू के एक विज्ञापन को लेकर दर्ज हुआ है, जिसमें दोनों सुपरस्टार्स के साथ पेप्सिको और एडवरटाइजिंग काउंसिल ऑफ इंडिया को भी पक्षकार बनाया गया है।

यह शिकायत खरियार निवासी दीपक दुबे ने दर्ज कराई है। शिकायत में कहा गया है कि उनका बेटा इस विज्ञापन से बुरी तरह प्रभावित हुआ। विज्ञापन देखने के बाद बच्चे ने सॉफ्ट ड्रिंक खरीदने की ज़िद शुरू कर दी और उसे यह भ्रम हो गया कि इसे पीने से उसकी ताकत बढ़ जाएगी और वह रेस में ज़रूर जीत जाएगा। लेकिन जब ऐसा कुछ नहीं हुआ तो शिकायतकर्ता ने इसे भ्रामक और झूठा दावा बताते हुए कोर्ट का दरवाज़ा खटखटाया।

शिकायत में आरोप लगाया गया है कि सलमान खान और ऋतिक रोशन वाला यह विज्ञापन बच्चों और युवाओं को गुमराह करता है और उनके मन में अवास्तविक उम्मीदें पैदा करता है। शिकायतकर्ता का कहना है कि इस तरह के विज्ञापनों का मासूम दिमाग पर नकारात्मक असर पड़ता है, जो बेहद चिंताजनक है।

इस मामले में पहली सुनवाई 22 दिसंबर को हो चुकी है, जबकि अगली सुनवाई 19 जनवरी को निर्धारित की गई है। खास बात यह है कि शिकायतकर्ता ने मुआवजे के तौर पर केवल एक रुपये की मांग की है। उनका कहना है कि यह मांग पैसे के लिए नहीं, बल्कि भ्रामक विज्ञापनों के खिलाफ विरोध का प्रतीक है।

मामले में सभी पक्षों की ओर से कानूनी प्रतिनिधि पेश हो चुके हैं। एडवरटाइजिंग काउंसिल ऑफ इंडिया की ओर से एडवोकेट अमित जैन कोर्ट में पेश हुए, सलमान खान का प्रतिनिधित्व अनीश पटनायक ने किया, जबकि ऋतिक रोशन और पेप्सिको की तरफ से कुणाल बेहरा एंड एसोसिएट्स ने पक्ष रखा है। अब इस मामले पर कोर्ट के अगले फैसले का इंतज़ार किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *