सतना। मध्य प्रदेश के सतना जिले से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने हर किसी को हैरान कर दिया है। यहां चोरी की नीयत से एसी और कूलर के गोदाम में घुसे एक चोर को इतनी गहरी नींद आ गई कि वह वारदात पूरी होने से पहले ही गोदाम के फर्श पर सो गया। सुबह जब गोदाम संचालक प्रतिष्ठान खोलने पहुंचे तो उनके सामने जो नजारा था, उसे देखकर वह खुद भी दंग रह गए। अंदर एक युवक आराम से खर्राटे ले रहा था। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।
जानकारी के अनुसार, यह पूरा मामला सतना शहर के खेरमाई रोड स्थित बिहारी ट्रेडर्स के गोदाम का है। गोदाम संचालक बिहारी मगनानी ने बताया कि देर रात चोर गोदाम में घुस गए और वहां रखे एसी के आउटडोर यूनिट समेत करीब तीन लाख रुपये कीमत का सामान चोरी कर ले गए। बताया जा रहा है कि वारदात को अंजाम देने के दौरान चोरों में से एक को अचानक नींद आ गई और वह गोदाम के भीतर ही फर्श पर लेटकर सो गया।
इधर उसके अन्य साथी चोरी का सामान समेटकर मौके से फरार हो गए, जबकि उनका एक साथी गहरी नींद में वहीं पड़ा रहा। सुबह जब गोदाम संचालक रोज की तरह प्रतिष्ठान खोलने पहुंचे तो अंदर एक अज्ञात युवक को आराम से सोता देखकर उनके होश उड़ गए। पहले तो उन्हें समझ नहीं आया कि आखिर यह शख्स गोदाम के अंदर पहुंचा कैसे, लेकिन आसपास नजर दौड़ाने पर चोरी का पता चला।
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग भी मौके पर जमा हो गए। इसके बाद संचालक ने तुरंत सिटी कोतवाली पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने सो रहे युवक को हिरासत में लिया और पूछताछ शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पकड़ा गया युवक चोरी की वारदात में शामिल था और अपने साथियों के साथ गोदाम में घुसा था।
अब पुलिस आरोपी से उसके फरार साथियों के बारे में जानकारी जुटाने में लगी हुई है। साथ ही चोरी हुए सामान की सूची तैयार कर उसकी बरामदगी के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आरोपी और उसके साथी पहले भी ऐसी घटनाओं में शामिल रहे हैं या नहीं।
सतना में हुई इस अनोखी घटना की चर्चा पूरे शहर में हो रही है। लोग हैरानी जता रहे हैं कि चोरी करने आया आरोपी अपनी ही लापरवाही और नींद की वजह से सलाखों के पीछे पहुंच गया। आमतौर पर पुलिस चोरों को ढूंढती है, लेकिन इस मामले में चोर खुद ही घटनास्थल पर सोता हुआ मिल गया। अब यह घटना शहर में चर्चा और लोगों के बीच हैरानी का विषय बनी हुई है।

