जबलपुर। मध्य प्रदेश के जबलपुर में स्टेट जीएसटी विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए लोहा और सीमेंट कारोबार से जुड़ी तीन फर्मों पर एक साथ छापेमारी की है। इस कार्रवाई में विभाग ने 1 करोड़ 11 लाख रुपये की जीएसटी राशि वसूल की है, जिससे व्यापारिक हलकों में हड़कंप मच गया है।
स्टेट जीएसटी की टीम ने अनिल ट्रेडिंग कॉरपोरेशन, बीएमडब्ल्यू व्यापार प्राइवेट लिमिटेड और दादा ट्रेडर्स के कार्यालयों और गोदामों पर छापा मारा। विभाग को इन कंपनियों के खिलाफ जीएसटी चोरी की गुप्त सूचना मिली थी, जिसके बाद यह कार्रवाई की गई।
छापेमारी के दौरान फर्जी बिलिंग, गलत इनपुट टैक्स क्रेडिट क्लेम और बिना घोषित स्टॉक जैसी अनियमितताओं के संकेत मिले हैं। टीम ने मौके से बिल बुक, अकाउंट्स, जरूरी दस्तावेज और इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस जब्त कर जांच शुरू कर दी है।
प्रारंभिक जांच में सामने आई गड़बड़ियों के आधार पर ही विभाग ने मौके पर तीनों फर्मों से कुल 1 करोड़ 11 लाख रुपये की वसूली की है। स्टेट जीएसटी विभाग का कहना है कि जांच अभी जारी है और आगे और भी कार्रवाई की जा सकती है।

