मैं ADM कंपाउंड में हाउस अरेस्ट हूं… सिटी मजिस्ट्रेट अलंकार अग्निहोत्री के गंभीर आरोप, वकीलों को जानकारी देने की क्यों कही बात

लखनऊ.सिटी मजिस्ट्रेट अलंकार अग्निहोत्री पर अनुशासनात्मक कार्रवाई करते हुए उन्हें निलंबित कर दिया गया है और साथ ही विभागीय जांच के आदेश भी दिए गए हैं। बरेली मंडल आयुक्त को जांच अधिकारी नियुक्त किया गया है। जांच पूरी होने तक अलंकार अग्निहोत्री को डीएम कार्यालय शामली से अटैच किया गया है।

इसी बीच अलंकार अग्निहोत्री ने सोशल मीडिया पर स्टेटस पोस्ट कर बरेली जिला प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने दावा किया है कि वह इस समय एडीएम कंपाउंड में हाउस अरेस्ट हैं और अगर उनसे संपर्क न हो पाए तो वकीलों को इसकी जानकारी दी जाए।

अलंकार अग्निहोत्री ने कहा कि इस्तीफे की खबर सामने आने के बाद डीएम बरेली अविनाश सिंह ने उन्हें अकेले बातचीत के लिए बुलाया था। उस समय वह डीएम और कुछ अन्य अधिकारियों के साथ बैठे हुए थे, जहां उन पर लगातार दबाव और प्रलोभन दिया जा रहा था। इसी दौरान लखनऊ से एक कॉल आया, जिसे डीएम ने उठाया और स्पीकर फोन पर बात करते हुए बाथरूम चले गए। अलंकार का आरोप है कि उधर से आवाज आई कि पंडित पागल हो गया है, इसे रातभर अपने आवास में बंधक बनाकर रखो।

अलंकार अग्निहोत्री का दावा है कि यह बात मीडिया तक पहुंच गई, जिसके बाद आनन-फानन में उन्हें छोड़ा गया और वह बड़ी मुश्किल से वहां से अपनी जान बचाकर निकल पाए।

वहीं दूसरी ओर सिटी मजिस्ट्रेट के इन आरोपों को डीएम बरेली ने सिरे से खारिज किया है। डीएम का कहना है कि बातचीत पूरी तरह सौहार्दपूर्ण माहौल में हुई थी और इस्तीफे की वजह जानने के लिए ही उनसे चर्चा की गई थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *