विदिशा/गुना। मध्य प्रदेश के गुना जिले में पुलिस ने नकली नोट छापने वाले एक गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए विदिशा के रहने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है और उनके कब्जे से कलर प्रिंटर सहित नकली नोट बनाने का सामान बरामद किया गया है।
आरोपियों की पोल तब खुली जब वे गुना के आरोन कस्बे में एक दुकान से गुटखा खरीदने पहुंचे और दुकानदार को सौ रुपये का नकली नोट थमा दिया, नोट देखकर दुकानदार को शक हुआ और उसने बिना देर किए पुलिस को सूचना दे दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास मौजूद लोगों की मदद से तीनों आरोपियों को मौके से धर दबोचा, तलाशी के दौरान उनके पास से करीब दो हजार नौ सौ रुपये के नकली नोट भी बरामद किए गए।
फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है कि वे कब से नकली नोट छाप रहे थे, इन्हें कहां-कहां खपाने की योजना थी और इस गिरोह से जुड़े अन्य लोग कौन हैं, पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है ताकि इस तरह के अपराध पर पूरी तरह लगाम लगाई जा सके।

