लखनऊ.भारत और अमेरिका के बीच हुई ट्रेड डील को लेकर समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है और इसे किसानों के हितों के खिलाफ बताया है, अखिलेश यादव ने कहा कि अगर हर चीज़ विदेश से आएगी तो देश का किसान क्या उगाएगा, क्या बेचेगा और क्या कमाएगा, किसान अपने परिवार का घर कैसे चलाएगा, बच्चों को कैसे पढ़ाएगा, बुजुर्गों का इलाज कैसे करवाएगा और बेटियों को सम्मान के साथ कैसे विदा करेगा, उन्होंने कहा कि जब आज खाने के लिए ही जद्दोजहद होगी तो किसान कल के लिए क्या बचा पाएगा।
अखिलेश यादव ने आगे कहा कि किसानों को नुकसान पहुंचाकर कोई भी सरकार लंबे समय तक देश में नहीं चल सकती, उन्होंने भाजपा सरकार से सीधे सवाल किया कि विदेशियों के सामने देश के हितों का समर्पण करने की मजबूरी आखिर क्या है, उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा कभी भूमि अधिग्रहण के जरिए खेती और किसानी को हड़पने का षड्यंत्र करती है तो कभी काले कानूनों के जरिए किसानों को संकट में धकेल देती है।
सपा सुप्रीमो ने भाजपा की नीतियों पर तंज कसते हुए कहा कि भाजपाई सोच बिचौलियों वाली है, यह सरकार उत्पादन और पैदावार बढ़ाने के बजाय बीच में कमीशनखोरी से अपना फायदा देखती है, उन्होंने कहा कि खेती और किसानी के बीच ही नहीं बल्कि किसानों के बीच बैठे बिचौलियों का भी भंडाफोड़ होना चाहिए।
अखिलेश यादव ने अंत में कहा कि आज का किसान कह रहा है कि उसे भाजपा नहीं चाहिए, उन्होंने दावा किया कि भाजपा जाएगी तभी खेती-बाड़ी बचेगी और तभी किसानों का भविष्य सुरक्षित रह पाएगा।

