भोजपुरी इंडस्ट्री के पावर स्टार पवन सिंह एक बार फिर अपने निजी जीवन को लेकर चर्चा में हैं, पत्नी ज्योति सिंह के साथ चल रहे तलाक मामले की सुनवाई बुधवार 11 फरवरी को आरा सिविल कोर्ट स्थित कुटुंब न्यायालय में हुई लेकिन इस सुनवाई में पवन सिंह खुद कोर्ट नहीं पहुंचे, उनके वकील ने अदालत को बताया कि पवन सिंह की तबीयत खराब है और वे अस्पताल में भर्ती हैं, जिसके बाद कोर्ट ने मामले की अगली सुनवाई की तारीख 24 फरवरी तय कर दी।
सुनवाई के दौरान ज्योति सिंह कोर्ट में मौजूद रहीं और उन्होंने जज के सामने साफ कहा कि वह तलाक की अर्जी से सहमत नहीं हैं और इस मामले में आगे भी कानूनी लड़ाई लड़ेंगी, ज्योति सिंह ने कहा कि वह अपने पति के साथ ही रहना चाहती हैं, कोर्ट में उन्होंने कुछ देर तक पवन सिंह का इंतजार भी किया लेकिन जब वह नहीं पहुंचे तो वह भावुक होकर अदालत परिसर से बाहर निकल गईं।
ज्योति सिंह हरे रंग की साड़ी में कोर्ट पहुंची थीं और मांग में सिंदूर भी लगाया हुआ था, कोर्ट परिसर में इस दौरान काफी हलचल देखने को मिली, बाहर निकलते वक्त मीडिया ने उनसे सवाल करने की कोशिश की लेकिन उन्होंने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी और चुपचाप वहां से चली गईं, अब सबकी नजर अगली सुनवाई पर है कि क्या 24 फरवरी को दोनों पति पत्नी अदालत में पेश होंगे या नहीं।
गौरतलब है कि पवन सिंह की पहली पत्नी नीलम सिंह थीं जिनसे उनकी शादी साल 2014 में हुई थी लेकिन शादी के कुछ महीनों बाद ही नीलम सिंह ने आत्महत्या कर ली थी, इसके बाद साल 2018 में पवन सिंह ने ज्योति सिंह से दूसरी शादी की थी, हालांकि कुछ समय बाद दोनों के रिश्तों में दरार आ गई और विवाद बढ़ने पर मामला अदालत तक पहुंच गया।

