ग्वालियर। मध्यप्रदेश के ग्वालियर में आवारा मवेशियों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है जहां एक आवारा सांड ने 6 साल के मासूम पर जानलेवा हमला कर दिया और बच्चे के सिर में 25 टांके आए हैं जबकि इलाज के बाद उसे अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है।
बताया जा रहा है कि यह घटना मुरार क्षेत्र के त्यागी नगर की है जहां 9 फरवरी को कोचिंग से पढ़कर घर लौट रहे मासूम गोविंद लक्षकार पर अचानक सांड ने हमला कर दिया और उसे बेरहमी से पटकते हुए सड़क पर घसीटना शुरू कर दिया।
घटना उस इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई जिसमें साफ देखा जा सकता है कि सांड किस तरह बच्चे को जमीन पर पटककर घसीट रहा है और मौके पर मौजूद उसकी बहन नंदनी चीख पुकार मचाने लगती है।
बहन की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और किसी तरह सांड को भगाकर बच्चे को बचाया और तुरंत इलाज के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया जहां डॉक्टरों ने उसके सिर में 25 टांके लगाए और शरीर के अन्य हिस्सों में आई चोटों का भी इलाज किया गया।
लोगों का कहना है कि अगर समय रहते मासूम को नहीं बचाया जाता तो बड़ा हादसा हो सकता था और इस घटना के सामने आने के बाद नगर निगम द्वारा आवारा मवेशियों को पकड़ने के दावों पर भी सवाल उठ रहे हैं क्योंकि सीसीटीवी वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद जिम्मेदारों से जवाब मांगे जा रहे हैं।

