सूटकेस में मिली लाश की शिनाख्ती परिवार के साथ मिलकर की थी हत्या आरोपी समीर पत्नी भाई बहन और मां के साथ गिरफ्तार मृतका सिया महाराष्ट्र गोंदिया की थी

भोपाल। मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में सूटकेस के अंदर मिली महिला की लाश की पहचान हो गई है और पुलिस जांच में सनसनीखेज खुलासा सामने आया है कि मृतका का नाम सिया था और उसकी हत्या उसी व्यक्ति ने की जिसने उसे पत्नी के रूप में अपने साथ रखा हुआ था।

पुलिस के मुताबिक आरोपी समीर ने अपने परिवार के साथ मिलकर सिया की गला घोंटकर हत्या की और शव को ठिकाने लगाने के लिए उसे सूटकेस में बंद कर पानी की टंकी में फेंक दिया गया था।

इस वारदात के बाद आरोपी समीर दूसरी पत्नी को लेने जबलपुर चला गया था और जैसे ही वह वापस भोपाल लौटा पुलिस ने उसे दबोच लिया।

पुलिस ने आरोपी समीर के साथ उसकी पत्नी, भाई, बहन और मां को भी सुबह तड़के करीब साढ़े पांच बजे गिरफ्तार किया है और पूरे परिवार से गहन पूछताछ की जा रही है।

जांच में सामने आया है कि समीर पिछले करीब पांच महीनों से सिया के साथ रह रहा था और दोनों के बीच अक्सर विवाद होते रहते थे, शुरुआती दिनों में सिया आरोपी की पत्नी के साथ रही थी लेकिन झगड़े बढ़ने पर पत्नी जबलपुर अपने मायके चली गई थी।

वारदात के बाद समीर पत्नी को वापस लाने के लिए जबलपुर गया और लौटते ही पुलिस के हत्थे चढ़ गया जिससे पूरे मामले का खुलासा हो सका।

यह मामला निशातपुरा थाना क्षेत्र के कमला नगर का है जहां पानी की टंकी में सूटकेस तैरता हुआ दिखाई दिया और स्थानीय लोगों ने शक के आधार पर पुलिस को सूचना दी जिसके बाद बॉक्स से रस्सी में बंधी लाश बाहर निकाली गई।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि समीर और उसके भाई ने मिलकर शव को ठिकाने लगाया था और पहली पत्नी समेत परिवार के अन्य सदस्य भी साजिश में शामिल थे।

बताया जा रहा है कि आरोपी कई रिश्तों के तनाव से परेशान था और इसी के चलते परिवार के साथ मिलकर इस जघन्य वारदात को अंजाम दिया गया।

मृतका सिया गोंदिया की रहने वाली थी और फिलहाल पुलिस सभी आरोपियों से पूछताछ कर पूरे मामले में जल्द आधिकारिक खुलासा करने की तैयारी कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *