इछावर। मध्यप्रदेश के सीहोर जिले के इछावर स्थित कुबेरेश्वर धाम में रुद्राक्ष महोत्सव की तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी हैं पूर्व में हुए हादसों को ध्यान में रखते हुए इस बार सुरक्षा के व्यापक और सख्त इंतजाम किए गए हैं यह महोत्सव आज से शुरू होकर 20 फरवरी 2026 तक चलेगा और पूरे आयोजन स्थल पर ड्रोन से निगरानी रखी जाएगी।
प्रदेशभर से भारी संख्या में सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं जिनमें आरएपीटीसी इंदौर, विभिन्न वाहिनियों के विशेष सशस्त्र बल, डीजीपी रिजर्व, इंदौर शहर और अन्य जिलों का पुलिस बल शामिल है इसके अलावा स्थानीय पुलिस, होमगार्ड, वन विभाग, आबकारी विभाग, कोटवार, ग्राम रक्षा समिति के सदस्य और वॉलेंटियर्स सहित कुल 1235 अधिकारी कर्मचारी ड्यूटी पर लगाए गए हैं ताकि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और व्यवस्था में कोई कमी न रहे।
महाशिवरात्रि के अवसर पर आयोजित इस महोत्सव में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहले से ही धाम पहुंचने लगे हैं भीड़ से बचने के लिए लोग कार्यक्रम शुरू होने से पहले ही पहुंच रहे हैं और यह सिलसिला महोत्सव के समापन तक जारी रहेगा इस दौरान प्रसिद्ध कथावाचक पंडित प्रदीप मिश्रा श्रद्धालुओं को अभिमंत्रित रुद्राक्ष का वितरण करेंगे जिससे श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।

