सीधी में मंदिर के पुजारी की बेरहमी से हत्या, धारदार हथियार से उतारा मौत के घाट, इलाके में दहशत

सीधी। मध्यप्रदेश के सीधी जिले से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां मंदिर के एक पुजारी की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। इस निर्मम हत्या के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। बदमाश वारदात को अंजाम देकर मौके से फरार हो गए, जबकि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए जांच शुरू कर दी है।

घटना सुबह करीब 8 से साढ़े 8 बजे के बीच कुसमी क्षेत्र की बताई जा रही है। मृतक पुजारी तहसील परिसर स्थित हनुमान मंदिर में पूजा करने के लिए घर से निकले थे। मंदिर उनके घर से महज लगभग 500 मीटर की दूरी पर स्थित है, लेकिन मंदिर पहुंचने से पहले ही रास्ते में उन पर हमला कर दिया गया। मंदिर से कुछ ही दूरी पर बदमाशों ने धारदार हथियार से ताबड़तोड़ वार कर उनकी हत्या कर दी।

बताया जा रहा है कि हत्या की इस वारदात को किसी ने प्रत्यक्ष रूप से नहीं देखा। आशंका जताई जा रही है कि आरोपी पहले से ही घात लगाकर बैठे थे और जैसे ही पुजारी घर से निकले, उन्होंने हमला कर दिया। हैरानी की बात यह है कि घटना के दौरान किसी प्रकार का शोरगुल भी सुनाई नहीं दिया।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, घटनास्थल का मुआयना किया और आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू की। फिलहाल पुलिस सभी संभावित एंगल से जांच कर रही है, लेकिन खबर लिखे जाने तक आरोपियों का कोई सुराग नहीं मिल सका था। इस हत्याकांड ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है और लोग आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *