मंडला में स्कूल प्रार्थना के दौरान मधुमक्खियों का हमला, 15 से ज्यादा बच्चे और स्टाफ घायल

मंडला। मध्य प्रदेश के मंडला जिले से एक चिंताजनक खबर सामने आई है, जहां एक हाईस्कूल में सुबह की प्रार्थना के दौरान अचानक मधुमक्खियों ने हमला कर दिया। इस हमले में करीब 15 से ज्यादा स्कूली बच्चे और स्कूल स्टाफ घायल हो गए। सभी घायलों को तुरंत इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।

यह घटना मंडला के निवास विकासखंड के बिशोरा हाईस्कूल की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, रोज की तरह सुबह स्कूल में प्रार्थना चल रही थी और छात्र-छात्राएं व शिक्षक एकत्रित थे, तभी अचानक मधुमक्खियों का झुंड वहां पहुंचा और हमला कर दिया। अचानक हुए इस हमले से स्कूल परिसर में अफरा-तफरी मच गई।

बताया जा रहा है कि इसी स्कूल में इससे पहले भी तीन बार मधुमक्खियों के हमले की घटनाएं हो चुकी हैं। बार-बार ऐसी घटनाएं होने के बाद भी स्थायी समाधान न होने पर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों और अभिभावकों ने स्कूल प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया है और मांग की है कि स्कूल परिसर की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया जाए ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं दोबारा न हों।

फिलहाल सभी घायलों की हालत स्थिर बताई जा रही है, लेकिन इस घटना ने एक बार फिर स्कूलों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *