खंडवा में किन्नर की घर वापसी, वहीद अहमद उर्फ सितारा गुरु ने अपनाया सनातन धर्म, अब सीता के नाम से होंगी पहचान

खंडवा। मध्य प्रदेश के खंडवा में स्थित महादेवगढ़ मंदिर में एक अनोखा धार्मिक आयोजन देखने को मिला, जहां वहीद अहमद उर्फ सितारा गुरु ने सनातन धर्म अपनाने की घोषणा की। मंदिर परिसर में विधि-विधान और मंत्रोच्चार के बीच यह धार्मिक प्रक्रिया पूरी की गई। किन्नर अखाड़े की महामंडलेश्वर सौम्या सखी की मौजूदगी में वैदिक ब्राह्मणों द्वारा पूरे रीति-रिवाज के साथ संस्कार संपन्न कराया गया। धर्म परिवर्तन के बाद सितारा गुरु ने नया नाम सीता स्वीकार किया और अब वे इसी नाम से पहचानी जाएंगी।

इस अवसर पर मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना की गई। बताया गया कि महादेवगढ़ मंदिर एक प्राचीन और आस्था का प्रमुख केंद्र है, जहां दूर-दूर से श्रद्धालु भगवान भोलेनाथ के दर्शन के लिए पहुंचते हैं। कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में किन्नर समाज के लोग भी मौजूद रहे। जैसे ही धर्म परिवर्तन की प्रक्रिया पूरी हुई, शहर के अन्य किन्नर भी मंदिर पहुंचे और खुशी जताते हुए जश्न मनाया।

मंदिर संरक्षक अशोक पालीवाल ने कहा कि सितारा गुरु ने स्वेच्छा से सनातन धर्म अपनाया है और इसे घर वापसी बताया। वहीं सितारा गुरु ने कहा कि वे भोलेनाथ की शरण में आई हैं और सनातन धर्म अपनाकर उन्हें आत्मिक शांति मिली है। उन्होंने मंदिर की प्राचीनता और वहां के आध्यात्मिक वातावरण की सराहना की और इसे अपने जीवन का महत्वपूर्ण निर्णय बताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *