इंदौर। मध्य प्रदेश के इंदौर शहर में पुलिस ने अवैध रूप से भारत में रह रहे एक नाइजीरियाई युवक को गिरफ्तार किया है। युवक की पहचान पेड्रो के रूप में हुई है, जो अपनी गर्लफ्रेंड से मिलने के लिए इलाके में पहुंचा था। मोहल्ले के लोगों ने उसे संदिग्ध हालात में देखा और तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद हीरा नगर थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर उसे हिरासत में ले लिया।
पूछताछ के दौरान खुलासा हुआ कि पेड्रो का वीजा साल 2023 में ही समाप्त हो चुका था, लेकिन इसके बावजूद वह बिना किसी वैध दस्तावेज के भारत में रह रहा था। जानकारी के मुताबिक उसकी तलाश पिछले कई दिनों से लसूडिया थाना पुलिस भी कर रही थी। सूचना मिलते ही कार्रवाई करते हुए पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
एडिशनल डीसीपी राम स्नेही मिश्रा ने बताया कि आरोपी मूल रूप से नाइजीरिया का रहने वाला है और उसके खिलाफ विदेशी अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि वह कब से भारत में रह रहा था, किन लोगों के संपर्क में था और अवैध रूप से रहने के दौरान उसकी गतिविधियां क्या थीं। मामले की जांच फिलहाल जारी है।

