मध्य प्रदेश के नौगांव में करीब एक सप्ताह पहले लापता हुई दो चचेरी बहनों के मामले में बड़ा मोड़ आ गया है। दोनों युवतियों ने अपने-अपने पतियों के साथ एक वीडियो जारी कर बताया है कि उन्होंने अपनी मर्जी से विवाह किया है और वे पूरी तरह सुरक्षित हैं। वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
जानकारी के मुताबिक 9 फरवरी को दोनों युवतियां घर से बैंक में पैसे निकालने के लिए निकली थीं, लेकिन वापस नहीं लौटीं। इसके बाद परिजनों ने थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई और दोनों को नाबालिग बताते हुए अपहरण की आशंका जताई। मामले को लेकर थाने के बाहर विरोध प्रदर्शन भी हुआ और पुलिस पर लापरवाही के आरोप लगाए गए।
अब सामने आए वीडियो में अलीना राइन और सलीना राइन ने खुद को बालिग बताते हुए कहा है कि उन्होंने नगर के ही दो युवकों से अपनी इच्छा से शादी की है। अलीना ने हेमंत जोशी और सलीना ने प्रशांत जोशी के साथ विवाह किया है। दोनों का कहना है कि वे किसी दबाव में नहीं हैं और अपने पतियों के साथ सुरक्षित हैं। उन्होंने मायके पक्ष से अपील की है कि ससुराल पक्ष को परेशान न किया जाए।
वीडियो में उन्होंने यह भी कहा कि यदि उनके ससुराल पक्ष को किसी तरह का नुकसान पहुंचता है तो इसकी जिम्मेदारी मायके पक्ष की होगी। दोनों युवतियों ने सुरक्षा की मांग करते हुए कहा है कि उन्हें जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं। वहीं पुलिस का कहना है कि दोनों युवतियों को सामने आकर अपने बयान दर्ज कराने होंगे, जिसके बाद आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

