भोपाल। मध्य प्रदेश की राजनीति में उस समय हलचल तेज हो गई, जब भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और प्रख्यात कवि सत्यनारायण सत्तन की बेटी कनु प्रिया ने कांग्रेस का दामन थाम लिया। इस राजनीतिक घटनाक्रम ने सियासी गलियारों में नई चर्चा को जन्म दे दिया है।
कनु प्रिया ने कांग्रेस की सदस्यता मीडिया विभाग के अध्यक्ष मुकेश नायक और महिला कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष अर्चना जायसवाल की मौजूदगी में ग्रहण की। सदस्यता लेने के बाद उन्होंने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी से मुलाकात की, जहां उनका कांग्रेस परिवार में स्वागत किया गया।
मध्य प्रदेश कांग्रेस ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इसकी जानकारी साझा की। पोस्ट में बताया गया कि सत्यनारायण सत्तन जी की पुत्री कनु प्रिया ने गरिमामयी उपस्थिति में कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की और इस अवसर पर जीतू पटवारी ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उनका अभिनंदन किया। इस घटनाक्रम को प्रदेश की राजनीति में एक अहम बदलाव के रूप में देखा जा रहा है।

