ग्वालियर में बेटे ने पिता की डंडे से पीटकर की हत्या, शराब के पैसे को लेकर हुआ विवाद

ग्वालियर। मध्य प्रदेश के ग्वालियर जिले के देहात क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां शराब के लिए पैसे नहीं देने पर बेटे ने अपने ही पिता की पीट-पीटकर हत्या कर दी। यह वारदात आरोन थाना क्षेत्र के आरोन गांव की है, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया।

बताया जा रहा है कि बाबूलाल जाटव अपने बेटे रवि जाटव के साथ रहते थे। परिवार के अन्य दो बेटे अलग रहते हैं। पिता और बेटा दोनों को शराब की लत थी। मंगलवार रात बाबूलाल नशे में थे, उसी दौरान रवि ने उनसे शराब पीने के लिए पैसे मांगे। जब बाबूलाल ने साफ इनकार कर दिया तो रवि गुस्से में बेकाबू हो गया।

आवेश में आकर रवि ने कमरे में रखा डंडा उठाया और पिता पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। डंडे से बेरहमी से पिटाई के बाद बाबूलाल कमरे में ही गिर पड़े और बेहोश हो गए। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। पुलिस के पहुंचने से पहले ही आरोपी बेटा फरार हो गया, जबकि बुजुर्ग पिता की मौके पर ही मौत हो चुकी थी।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट में शरीर पर गंभीर चोटों और नाजुक अंग पर वार की पुष्टि हुई, जिसके आधार पर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज किया। बाद में आरोपी गांव में ही मिल गया और उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में रवि ने स्वीकार किया कि उसने गुस्से में आकर पिता पर हमला किया था क्योंकि उन्होंने उसे शराब के लिए पैसे नहीं दिए। फिलहाल पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का प्रकरण दर्ज कर उसे जेल भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *