इंदौर। शहर में अवैध नशीली दवाओं के कारोबार के खिलाफ चल रही कार्रवाई के तहत खजराना थाना पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने 1200 प्रतिबंधित अल्प्राजोलम टैबलेट के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जब्त सामग्री की कुल कीमत करीब 96 हजार रुपए आंकी गई है, जिसमें एक मोटरसाइकिल भी शामिल है।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि खजराना क्षेत्र में अवैध नशीली दवाओं की खरीद-फरोख्त हो रही है। सूचना के आधार पर टीम ने स्कीम नंबर 134 स्थित स्टार चौराहे के पास खाली मैदान में घेराबंदी की। यहां दो संदिग्ध युवक मोटरसाइकिल के पास खड़े मिले। पुलिस को देखते ही दोनों ने भागने की कोशिश की, लेकिन घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया गया।
तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से 1200 अल्प्राजोलम टैबलेट बरामद की गईं। किसी भी प्रकार के वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जा सके। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे नशे के आदी हैं और सस्ते दाम पर गोलियां खरीदकर अन्य लोगों को महंगे दाम पर बेचते थे। पुलिस ने करीब 36 हजार रुपए कीमत की टैबलेट और 60 हजार रुपए कीमत की मोटरसाइकिल जब्त की है।
गिरफ्तार आरोपियों में अकरम उर्फ चिटकु, उम्र 28 वर्ष, निवासी इलियास कॉलोनी खजराना और साहिल, उम्र 23 वर्ष, निवासी गणेश नगर खंडवा नाका शामिल हैं। दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/22 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब रिमांड पर लेकर सप्लाई चेन और संभावित नेटवर्क की जांच कर रही है। थाना प्रभारी मनोज सिंह सेंधव सहित पुलिस टीम की इस कार्रवाई को शहर में नशे के कारोबार पर बड़ी चोट माना जा रहा है।

