मैहर। विधानसभा के बजट सत्र के दौरान मंत्री कैलाश विजयवर्गीय द्वारा नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार के खिलाफ कथित अपशब्द कहे जाने के विरोध में शुक्रवार सुबह मैहर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। अलाउद्दीन तिराहे पर आयोजित प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए पुतला दहन किया।
प्रदर्शन में जिला अध्यक्ष धर्मेश भाई, ब्लॉक अध्यक्ष रमेश प्रजापति सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे। माहौल उस वक्त बिगड़ गया जब पुतला दहन के दौरान आग की लपटें फैल गईं और यातायात थाना प्रभारी विक्रम पाठक उसकी चपेट में आकर झुलस गए। उन्हें तत्काल उपचार के लिए सिविल अस्पताल मैहर में भर्ती कराया गया।
घटना के बाद मौके पर कुछ देर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा, हालांकि पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए यातायात व्यवस्था बहाल कर दी। इस घटनाक्रम के बाद स्थानीय स्तर पर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है।

