उत्तर प्रदेश के चंदौली जिले के सकलडीहा कोतवाली क्षेत्र के सरेहुआ कला गांव में दिनदहाड़े चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। बेखौफ बदमाश घर का ताला तोड़कर करीब 20 लाख रुपये से अधिक के सोने-चांदी के जेवरात और 70 हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया और मौके पर भारी भीड़ जुट गई।
पीड़ित अनिल पांडेय गांव में सड़क किनारे पशु आहार की दुकान चलाते हैं, जबकि उनकी पत्नी वहीं ब्यूटी पार्लर संचालित करती हैं। रोज की तरह परिवार घर में ताला लगाकर दुकान पर चला गया था और उनकी बेटी सानिया पांडेय स्कूल गई हुई थी। दोपहर करीब दो बजे सानिया स्कूल से लौटकर पहले दुकान पहुंची और फिर मां के साथ घर आई। जैसे ही उन्होंने ताला खोलकर अंदर कदम रखा, घर का सारा सामान बिखरा मिला और अलमारी-बक्से खुले पड़े थे।
इसी दौरान छत पर किसी के चलने की आहट सुनाई दी। सानिया जब ऊपर पहुंची तो चार-पांच नकाबपोश युवक पड़ोस के अर्धनिर्मित मकान में कूदकर भागते नजर आए। तुरंत पिता को सूचना दी गई और फिर 112 नंबर पर पुलिस को खबर दी गई।
पीड़ित परिवार के मुताबिक चोर दो जोड़ी सोने की चूड़ियां, दो मंगलसूत्र, मांग टीका, चार सोने की चेन, अंगूठियां, सोने का नेकलेस सहित अन्य कीमती जेवरात और 70 हजार रुपये नकद लेकर फरार हुए हैं। वारदात के बाद परिवार सदमे में है और घर की महिलाएं रो-रोकर बेहाल हैं।
मौके पर पहुंचे कोतवाल भूपेंद्र कुमार निषाद ने बताया कि घर गांव के बीचोंबीच स्थित है, ऐसे में दिन के समय चोरी की घटना संदिग्ध लग रही है। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है और जल्द खुलासा करने का दावा किया है।

