कार किराया घोटाला: दोबारा रिमांड पर लिया गया संजय कालरा, 4 राज्यों से 40 गाड़ियां जब्त

 इंदौर। शहर में कार किराए पर लेकर धोखाधड़ी करने के मामले में आरोपी संजय कालरा से एक बार फिर पूछताछ शुरू हो गई है। न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने उसे रिमांड पर लिया है। इस बीच पंढरीनाथ थाने में उसके खिलाफ एक और मामला दर्ज किया गया है, जबकि अब भी कई फरियादी सामने आकर शिकायतें कर रहे हैं।

इससे पहले अन्नपूर्णा थाने में दर्ज प्रकरण के तहत पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दर्जनों गाड़ियां बरामद की थीं। जांच के दौरान खुलासा हुआ कि आरोपी ने बाकायदा ऑफिस खोलकर लोगों को कारों के जरिए मोटा मुनाफा दिलाने का लालच दिया। एग्रीमेंट के जरिए वाहन मालिकों से गाड़ियां किराए पर ली गईं और फिर उन्हीं गाड़ियों को दूसरे राज्यों में आगे एग्रीमेंट पर देकर बड़ा मुनाफा कमाया गया।

हाल ही में पंढरीनाथ थाने में मिली शिकायत के आधार पर पुलिस ने एक थार गाड़ी जब्त की है। पुलिस रिमांड के दौरान आरोपी से पूरे नेटवर्क, पैसों के लेनदेन और अन्य राज्यों में किए गए समझौतों को लेकर पूछताछ की जा रही है।

अब तक चार राज्यों से करीब 40 गाड़ियां जब्त की जा चुकी हैं। न्यायालय के आदेश पर इन वाहनों को उनके असली मालिकों को सौंपा गया है, ताकि पीड़ितों को राहत मिल सके। पुलिस का कहना है कि जांच अभी जारी है और आने वाले दिनों में इस मामले में और बड़े खुलासे हो सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *