इंदौर में सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर पर शिकायत, ‘पाकिस्तान महाराज की जय’ नारे वाले वीडियो की जांच शुरू

इंदौर। मध्य प्रदेश के इंदौर में सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर और कॉमेडी वीडियो क्रिएटर धर्मेंद्र बिलोटिया एक बार फिर विवादों में घिर गए हैं। उनके एक वायरल वीडियो में ‘पाकिस्तान महाराज की जय’ कहते हुए नजर आने के बाद सोशल मीडिया पर हंगामा मच गया और मामला थाने तक पहुंच गया।

वीडियो वायरल होने के बाद इंदौर के अन्नपूर्णा थाना में उनके खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई गई है। बताया जा रहा है कि धर्मेंद्र बिलोटिया अक्सर कॉमेडी और व्यंग्य वीडियो बनाकर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर अपलोड करते हैं और सामाजिक मुद्दों पर कटाक्ष करते हैं। लेकिन इस बार वीडियो में इस्तेमाल किया गया नारा कई लोगों को आपत्तिजनक और देश विरोधी लगा, जिसके बाद कुछ संगठनों और स्थानीय नागरिकों ने कड़ी नाराजगी जताई।

पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए वायरल वीडियो की जांच शुरू कर दी है। सूत्रों के मुताबिक, आवेदन मिलने के बाद वीडियो की प्रामाणिकता, उसका संदर्भ और इरादे की जांच की जा रही है। फिलहाल आधिकारिक रूप से एफआईआर दर्ज होने की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन जांच के निष्कर्ष के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।

सोशल मीडिया पर बढ़ते विवाद के बीच अब सभी की नजर पुलिस जांच और आगे होने वाली कार्रवाई पर टिकी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *