विदिशा। मध्य प्रदेश के विदिशा जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां दो बच्चों की मां कथित तौर पर सोशल मीडिया पर हुए प्रेम संबंध के बाद अपने प्रेमी के साथ फरार हो गई। बताया जा रहा है कि महिला घर में रखे नगदी और जेवर भी अपने साथ ले गई, जिसके बाद पति ने पुलिस से न्याय की गुहार लगाई है।
मामला गंज बासौदा क्षेत्र का है। जानकारी के अनुसार महिला की सोशल मीडिया पर एक युवक से बातचीत शुरू हुई थी, जो धीरे-धीरे कथित प्रेम संबंध में बदल गई। दोनों ने साथ रहने का फैसला किया और एक दिन मौका पाकर महिला अपने दो मासूम बच्चों को छोड़कर युवक के साथ चली गई।
पत्नी के अचानक लापता होने से परेशान पति ने पुलिस अधीक्षक से शिकायत की है। उसका कहना है कि स्थानीय स्तर पर तलाश की गई लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। उसने आरोप लगाया कि पत्नी घर से नगदी और जेवर लेकर गई है, जिससे उसे आर्थिक नुकसान भी हुआ है।
इस मामले में विदिशा के एसपी रोहित केसवानी ने बताया कि गंज बासौदा क्षेत्र से एक आवेदन प्राप्त हुआ है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार महिला सोशल मीडिया के माध्यम से एक व्यक्ति के संपर्क में थी और अपने दो बच्चों को छोड़कर उसके साथ चली गई है। पुलिस ने मामले को संज्ञान में लेकर जांच शुरू कर दी है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

