भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में दिव्यांग टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट का भव्य शुभारंभ हुआ। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने नेहरू नगर स्थित पुलिस लाइन ग्राउंड में इस अनूठी प्रतियोगिता का उद्घाटन किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि दिव्यांग खिलाड़ी लगातार 100 घंटे तक क्रिकेट खेलेंगे, जो अपने आप में एक ऐतिहासिक और प्रेरणादायक पहल है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पांच दिन तक दिन-रात बिना रुके मैच खेले जाएंगे और यह आयोजन वर्ल्ड रिकॉर्ड के आधार पर किया जा रहा है। उन्होंने आयोजनकर्ताओं को बधाई देते हुए कहा कि शारीरिक चुनौतियों के बावजूद खिलाड़ी जिस जज्बे के साथ मैदान में उतर रहे हैं, वह समाज के लिए प्रेरणा है। चुनौतियों को स्वीकार कर खेलना ही असली हौसले की पहचान है।
उन्होंने बताया कि कुशाभाऊ ठाकरे न्यास के माध्यम से मन की बात कार्यक्रम और दिव्यांग क्रिकेट महोत्सव का आयोजन किया गया है। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि यह आयोजन खेलों को बढ़ावा देने के साथ-साथ दिव्यांगजनों के आत्मविश्वास को भी नई ऊंचाई देगा।
इस टूर्नामेंट में 8 राज्यों की 6 टीमें हिस्सा ले रही हैं। 100 घंटे तक चलने वाली इस प्रतियोगिता में दिन-रात कुल 25 टी-20 मैच खेले जाएंगे। सभी मुकाबले 20-20 ओवर के होंगे। साथ ही गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड, लिंका बुक ऑफ रिकॉर्ड्स और एशिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में नाम दर्ज कराने के लिए आवेदन भी किया गया है।
यह आयोजन सिर्फ एक खेल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि हौसले, जुनून और आत्मविश्वास का उत्सव बन गया है।

