भोपाल। मध्यप्रदेश में पुलिस आरक्षक भर्ती से जुड़ी बड़ी अपडेट सामने आई है। आज से शारीरिक दक्षता परीक्षा यानी फिजिकल टेस्ट की शुरुआत हो गई है, जो 23 फरवरी से 14 मार्च तक चलेगा। प्रतिदिन सुबह 6 बजे से परीक्षा प्रक्रिया शुरू होगी और प्रदेश के 10 जिलों में अभ्यर्थियों की शारीरिक क्षमता का परीक्षण किया जाएगा। सभी उम्मीदवारों के लिए मूल प्रमाण पत्र और जरूरी दस्तावेज साथ लाना अनिवार्य किया गया है।
इस भर्ती परीक्षा का लिखित एग्जाम 15 दिसंबर 2025 को आयोजित हुआ था, जबकि परिणाम 25 जनवरी 2026 को घोषित किया गया। अब चयन प्रक्रिया के अगले चरण में फिजिकल टेस्ट आयोजित किया जा रहा है। यह परीक्षा भोपाल, इंदौर, जबलपुर, ग्वालियर, उज्जैन, सागर, रीवा, बालाघाट, रतलाम और मुरैना में आयोजित की जा रही है। कुल 7 हजार 500 पदों पर भर्ती की जाएगी।
ग्वालियर जिले में SAF मैदान पर अभ्यर्थी दौड़ लगाएंगे। फर्जीवाड़ा रोकने के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं, जिसमें क्यूआर कोड से लैस जैकेट पहनाई जाएगी। हर चरण में क्यूआर कोड स्कैन कर रोल नंबर से लिंक किया जाएगा। परीक्षा स्थल पर 64 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं और 10 अभ्यर्थियों पर निगरानी के लिए तीन पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। पहले दो दिन 200 अभ्यर्थी और उसके बाद प्रतिदिन 400 अभ्यर्थी दौड़ में शामिल होंगे। ग्वालियर और चंबल अंचल के आठ जिलों के लिए दो परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां सुरक्षा और पारदर्शिता के बीच भर्ती प्रक्रिया पूरी कराई जाएगी।

