भोपाल। भोपाल से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां 10वीं कक्षा के एक छात्र पर महज 30 सेकेंड के भीतर 27 बार चाकू से हमला किया गया। यह सनसनीखेज वारदात टीला जमालपुरा थाना क्षेत्र के गणेश चौक स्थित एक स्नूकर क्लब में हुई, जिसका सीसीटीवी फुटेज अब सामने आया है।
बताया जा रहा है कि दो नाबालिग आरोपी फिल्मी अंदाज में क्लब के भीतर घुसे और बिना किसी चेतावनी के छात्र पर ताबड़तोड़ चाकू से वार करने लगे। हमले की पूरी घटना आधे मिनट से भी कम समय में अंजाम दी गई और आरोपी मौके से फरार हो गए।
हमले में छात्र के हाथ पर 10 से ज्यादा गहरे कट लगे हैं, उसकी दो उंगलियां भी कट गईं, जबकि कंधे और पीठ पर भी गंभीर चोटों के निशान हैं। घायल छात्र को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हमलावर और पीड़ित एक ही कोचिंग में पढ़ते थे। बताया जा रहा है कि पुराने विवाद और थप्पड़ मारने की घटना का बदला लेने के लिए इस हमले को अंजाम दिया गया। घटना 15 फरवरी की बताई जा रही है, जबकि इसका सीसीटीवी फुटेज 22 फरवरी को सामने आया।
पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और फिलहाल साधारण धाराओं में एफआईआर की गई है। मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद धाराओं में बढ़ोतरी की जा सकती है। मामले की जांच जारी है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।

