सिंधिया राजघराने के विष्णु देव मंदिर में चोरी, 18 धातु के सामान लेकर फरार हुए चोर

ग्वालियर में स्थित सिंधिया अम्मा महाराज की छतरी परिसर के विष्णु देव मंदिर में अज्ञात चोरों ने चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। मंदिर से चांदी, तांबा और पीतल के कुल 18 सामान चोरी होने की जानकारी सामने आई है। घटना झांसी रोड थाना क्षेत्र के कटोरा ताल रोड की बताई जा रही है। हैरानी की बात यह है कि परिसर में सुरक्षा गार्ड तैनात होने के बावजूद चोर वारदात को अंजाम देने में सफल रहे।

जानकारी के अनुसार 20 फरवरी की रात सुरक्षा गार्ड अमर सिंह परिहार की ड्यूटी मुख्य द्वार पर थी, जबकि रात 11 बजे से सुबह तक कप्तान सिंह परिसर के भीतर गश्त कर रहे थे। अगले दिन सुबह जब ड्यूटी बदली गई और मंदिर परिसर में रखे सामान की गिनती की गई, तब चोरी का खुलासा हुआ।

मंदिर के पुजारी संजय हिरवे ने मूर्ति के पास रखी पेटी की जांच की तो उसमें से तांबा, पीतल और चांदी के कई सामान गायब मिले। चोरी की खबर फैलते ही परिसर में हड़कंप मच गया और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि अज्ञात चोर दीवार फांदकर मंदिर परिसर में दाखिल हुआ और वारदात को अंजाम देकर फरार हो गया। पुलिस ने गार्ड अमर सिंह परिहार की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *