इंदौर में 8वीं बोर्ड परीक्षा में नकल की शिकायत से हड़कंप, मामला पहुंचा सीएम हेल्पलाइन तक

इंदौर। मध्यप्रदेश के इंदौर में 8वीं बोर्ड परीक्षा के दौरान नकल की शिकायत से अचानक हड़कंप मच गया। शहर के खजराना स्थित एक परीक्षा केंद्र पर नकल कराए जाने का आरोप लगाया गया और मामला सीधे सीएम हेल्पलाइन पोर्टल तक पहुंच गया।

एक छात्रा और उसके परिजनों ने सीएम हेल्पलाइन पर गंभीर शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद शिक्षा विभाग और राज्य शिक्षा केंद्र के अधिकारियों में अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। शिकायत मिलते ही अधिकारी तुरंत परीक्षा केंद्र पहुंचे और मौके पर जांच शुरू की।

जांच के दौरान अधिकारियों को नकल का कोई ठोस सबूत नहीं मिला। बाद में पता चला कि ब्लैकबोर्ड पर लिखी सामान्य परीक्षा संबंधी जानकारी को छात्रा ने नकल समझ लिया था। शिकायत की पुष्टि नहीं होने पर मामला गलतफहमी का निकला।

स्थिति स्पष्ट होने के बाद छात्रा और परिजनों ने सीएम हेल्पलाइन से अपनी शिकायत वापस ले ली। शिक्षा विभाग ने बताया कि नकल रोकने के लिए उड़नदस्ते लगातार निरीक्षण कर रहे हैं। झूठी शिकायत से कुछ समय के लिए हड़कंप जरूर मचा, लेकिन जांच पूरी होने के बाद अधिकारियों ने राहत की सांस ली।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *