ओंकारेश्वर में नर्मदा में डूबा यूपी का युवक, ब्रह्मपुरी घाट पर हादसा, सर्च ऑपरेशन जारी

खंडवा। मध्य प्रदेश के तीर्थनगरी ओंकारेश्वर में नर्मदा नदी में नहाने के दौरान उत्तर प्रदेश के एक युवक के डूबने से हड़कंप मच गया। हादसा सुबह ब्रह्मपुरी घाट पर हुआ, जहां स्नान करते समय युवक गहरे पानी में चला गया और लापता हो गया। सूचना मिलते ही प्रशासन और होमगार्ड की टीम मौके पर पहुंची और सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया।

बताया जा रहा है कि उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले के सिरसागंज निवासी 22 वर्षीय नानकचंद्र यादव अपने रिश्तेदार विमल कुमार के साथ ओंकारेश्वर दर्शन के लिए आया था। नहाने के दौरान अचानक उसका संतुलन बिगड़ा और वह गहराई में चला गया। घाट पर मौजूद लोगों ने उसे डूबते देखा और शोर मचाया, लेकिन तब तक वह पानी में समा चुका था।

मौके पर पहुंचे प्रशासनिक अमले ने तत्काल रेस्क्यू अभियान शुरू किया, हालांकि खबर लिखे जाने तक युवक का पता नहीं चल सका है। साथ आए विमल कुमार का कहना है कि घाट पर न तो सुरक्षा के लिए जंजीर लगी है और न ही पानी की गहराई बताने के लिए कोई स्पष्ट सूचना या अनाउंसमेंट की व्यवस्था है, जिससे नानकचंद्र को गहराई का अंदाजा नहीं लग पाया।

फिलहाल नर्मदा नदी में युवक की तलाश जारी है और प्रशासन ने लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *