‘या तो हाइवे बनाओ या टोल हटाओ’ ग्वालियर के बरेठा टोल प्लाजा पर ताबड़तोड़ फायरिंग, सीसीटीवी में कैद वारदात

ग्वालियर। मध्यप्रदेश के ग्वालियर जिले में बरेठा टोल प्लाजा पर उस समय दहशत फैल गई जब बुलेट सवार बदमाशों ने अचानक ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है, लेकिन फायरिंग से टोल प्लाजा के कंप्यूटर और फर्नीचर को नुकसान पहुंचा है। पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

फायरिंग के बाद बदमाश एक धमकी भरी पर्ची फेंककर फरार हो गए, जिसमें लिखा था कि या तो हाइवे बनाओ या फिर टोल हटाओ। पर्ची में यह भी लिखा गया कि आकाश भदौरिया जैसा अब कोई नहीं मरेगा, ग्वालियर-भिंड हाइवे का काम शुरू होना चाहिए और अगर काम शुरू नहीं हुआ तो इससे बड़ा कदम उठाया जाएगा। साथ ही सरकार पर अंधी होने का आरोप भी लगाया गया।

पुलिस ने मौके से पांच खाली कारतूस और वह धमकी भरी पर्ची बरामद की है। टोल प्लाजा के सुपरवाइजर रोहित कुमार ने मामले की शिकायत दर्ज कराई है। अज्ञात बदमाशों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। दोनों आरोपी हेलमेट पहने हुए थे और भिंड की ओर से आए बताए जा रहे हैं। मामला महाराजपुरा थाना क्षेत्र का है।

गौरतलब है कि 16 फरवरी को भिंड निवासी आकाश भदौरिया की सड़क हादसे में मौत हो गई थी। वह अपने बड़े भाई के साथ बाइक से अटेर जा रहा था, तभी बायपास पर एक टैंकर ने टक्कर मार दी थी। हादसे के बाद टैंकर चालक फरार हो गया था। पुलिस ने यूपी के किसनी थाना क्षेत्र के संजू यादव के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।

फिलहाल पुलिस फायरिंग करने वाले आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए सीसीटीवी फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर जांच में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *