जनपद के चकिया तहसील क्षेत्र में प्रसव के बाद एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से हड़कंप मच गया। घटना के बाद देर रात निजी नर्सिंग होम के बाहर आक्रोशित ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई और जमकर हंगामा हुआ। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और किसी तरह स्थिति को शांत कराया। परिजनों की शिकायत के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की बात कही है।
पूरा मामला चकिया तहसील क्षेत्र के दूबेपुर गांव स्थित बी.एन. सर्जिकल सेंटर का बताया जा रहा है। बरौझी गांव निवासी रिका कुमारी को सोमवार को प्रसव पीड़ा होने पर परिजन यहां भर्ती कराए थे। ऑपरेशन के जरिए बच्चे का जन्म हुआ और परिजनों के मुताबिक शाम तक सब कुछ सामान्य था। लेकिन अचानक महिला की हालत बिगड़ने लगी। आरोप है कि पर्याप्त ऑक्सीजन सपोर्ट के बिना ही नर्सिंग होम संचालक महिला को वाराणसी ले गया, जहां एक निजी अस्पताल में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतका के भाई अमन कुमार ने आरोप लगाया कि हालत बिगड़ने के बावजूद अस्पताल प्रबंधन ने समुचित इलाज नहीं किया और बिना पर्याप्त तैयारी के वाराणसी ले जाया गया। उनका कहना है कि अगर समय पर सही उपचार मिलता तो जान बच सकती थी। महिला की मौत की खबर फैलते ही अस्पताल परिसर में ग्रामीणों की भीड़ उमड़ पड़ी और स्वास्थ्य विभाग के खिलाफ नारेबाजी की गई।
परिजनों और ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि बी.एन. सर्जिकल सेंटर बिना वैध रजिस्ट्रेशन के संचालित हो रहा है। उनका दावा है कि चकिया, शहाबगंज और नौगढ़ क्षेत्रों में कई अवैध अस्पताल और पैथोलॉजी सेंटर खुलेआम चल रहे हैं, लेकिन स्वास्थ्य विभाग की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है। फिलहाल पुलिस और स्वास्थ्य विभाग को सूचना दे दी गई है और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

