एमपी बजट सत्र 2026: टंट्या भील विश्वविद्यालय में 140 शिक्षक पद खाली, प्रतिनियुक्ति से चल रहा काम

भोपाल। मध्य प्रदेश विधानसभा के बजट सत्र 2026 में आज टंट्या भील विश्वविद्यालय में शिक्षकों के खाली पदों का मुद्दा गूंजा। कांग्रेस विधायक डॉ झूमा सोलंकी ने सदन में सवाल उठाते हुए कहा कि विश्वविद्यालय में स्वीकृत 140 शैक्षणिक पदों में से एक भी पद पर नियमित नियुक्ति नहीं है और पूरा काम प्रतिनियुक्ति के सहारे चलाया जा रहा है।

उन्होंने सरकार से पूछा कि खरगोन जिले के अंतर्गत संचालित इस विश्वविद्यालय में वर्तमान में कितने पद भरे हुए हैं, कितने रिक्त हैं और इन रिक्त पदों पर नियुक्ति कब तक की जाएगी।

इस पर उच्च शिक्षा मंत्री इन्दर सिंह परमार ने जवाब देते हुए बताया कि विश्वविद्यालय में स्नातक स्तर पर कृषि, कला, वाणिज्य और विज्ञान के पाठ्यक्रम तथा स्नातकोत्तर स्तर पर अर्थशास्त्र संचालित है। सहायक प्राध्यापक के 80, सह प्राध्यापक के 40 और प्राध्यापक के 20 पद, कुल मिलाकर 140 पद स्वीकृत हैं, लेकिन वर्तमान में सभी पद रिक्त हैं। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि पदपूर्ति के लिए किसी निश्चित समय-सीमा की जानकारी देना फिलहाल संभव नहीं है और कुछ शिक्षकों को प्रतिनियुक्ति पर भेजकर काम चलाया जा रहा है।

अब सवाल यही है कि आदिवासी अंचल के इस विश्वविद्यालय में स्थायी शिक्षकों की नियुक्ति कब होगी और छात्रों को पूर्ण शैक्षणिक व्यवस्था कब मिल पाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *