भोपाल। मध्य प्रदेश विधानसभा के बजट सत्र 2026 में आज पत्थरबाजी की घटनाओं पर चर्चा की मांग को लेकर जमकर हंगामा हुआ, जिसके चलते सदन की कार्यवाही 10 मिनट के लिए स्थगित करनी पड़ी।
सुबह सदन की कार्यवाही शुरू होते ही भोपाल और इंदौर में कांग्रेस और भाजपा कार्यकर्ताओं के आमने-सामने आने और हमलों के मुद्दे पर ध्यानाकर्षण प्रस्ताव लाया गया। भाजपा विधायक डॉ राजेंद्र पांडे ने यह मामला उठाया। संसदीय कार्य मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि इंदौर और भोपाल दोनों जगह उनके कार्यकर्ताओं पर हमले हुए हैं और एक महिला कार्यकर्ता घायल हुई है, इसलिए इस विषय पर चर्चा जरूरी है।
इस पर कांग्रेस विधायक सचिन यादव ने पलटवार करते हुए कहा कि उनके पार्टी कार्यालय पर भी हमले हुए हैं। डॉ राजेंद्र पांडे ने आरोप लगाया कि पहले से पत्थर इकट्ठे किए गए थे और यह प्रदेश में गुंडागर्दी का संकेत है। उन्होंने कहा कि शनिवार और रविवार होने के कारण सूचना नहीं दी जा सकी, लेकिन कांग्रेस इस मुद्दे पर चर्चा से बच रही है।
वहीं कांग्रेस विधायक सोहनलाल वाल्मीकि ने इंदौर के भागीरथपुरा की घटना पर भी चर्चा की मांग की और कहा कि एकतरफा परंपरा नहीं बनाई जानी चाहिए। बढ़ते हंगामे के बीच विधानसभा की कार्यवाही 10 मिनट के लिए स्थगित कर दी गई।

