उज्जैन सिंहस्थ 2028 की तैयारियां तेज, पुलिस ने की रणनीतिक बैठक, प्रशिक्षण मॉड्यूल रिवाइज

उज्जैन। बाबा महाकाल की नगरी उज्जैन में होने वाले सिंहस्थ 2028 को लेकर पुलिस विभाग ने तैयारियां अभी से तेज कर दी हैं। पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर उज्जैन में वरिष्ठ अधिकारियों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें सिंहस्थ के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, पुलिस बल के प्रशिक्षण और संसाधनों की रणनीति पर विस्तार से चर्चा हुई।

पुलिस अधीक्षक प्रदीप शर्मा ने बताया कि सिंहस्थ 2028 के सुरक्षित और सफल आयोजन के लिए जिन अधिकारियों को पुलिस बल का प्रशिक्षण सौंपा जाना है, उनके साथ यह उच्च स्तरीय बैठक की गई। बैठक में एडीजी इंटेलिजेंस, डीजी ईओडब्ल्यू और सिंहस्थ 2016 के दौरान उज्जैन में पदस्थ रहे पूर्व आईजी मनोहर वर्मा सहित स्थानीय और अन्य जिलों से आए करीब 22 अधिकारी शामिल हुए।

बैठक में सिंहस्थ 2028 के लिए तैयार किए गए प्रशिक्षण मॉड्यूल की समीक्षा कर उसे रिवाइज किया गया। पुराने अनुभवों को ध्यान में रखते हुए नई तकनीक और आधुनिक व्यवस्थाओं के समन्वय पर विशेष जोर दिया गया, ताकि विशाल जनसमूह के इस आयोजन को बेहतर तरीके से संभाला जा सके।

पुलिस विभाग का मानना है कि समय रहते सुव्यवस्थित प्रशिक्षण और रणनीतिक तैयारी ही सिंहस्थ 2028 जैसे भव्य और विशाल आयोजन को सुरक्षित और सफल बनाने की मजबूत नींव साबित होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *