‘सपा का बीजेपी में विलय कर दीजिए, अखिलेश को सीएम बना देंगे’, मंत्री गिरीश चंद्र यादव का पलटवार

हाल ही में अखिलेश यादव ने प्रदेश के दोनों डिप्टी सीएम को ऑफर देते हुए कहा था कि अगर वे बीजेपी के 100 विधायक तोड़कर ले आएं तो मुख्यमंत्री बन सकते हैं। इस बयान पर अब यूपी सरकार में युवा कल्याण मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गिरीश चंद्र यादव ने तीखा पलटवार किया है।

मंत्री गिरीश चंद्र यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी का भारतीय जनता पार्टी में विलय कर दीजिए, हम अखिलेश यादव को मुख्यमंत्री बना देंगे। उनके इस बयान के बाद प्रदेश की सियासत में हलचल तेज हो गई है।

मुख्यमंत्री के विदेश दौरे को लेकर पूछे गए सवाल पर मंत्री ने कहा कि जब मुख्यमंत्री विदेश गए हैं तो निश्चित तौर पर प्रदेश को लाभ ही मिलेगा। उन्होंने दावा किया कि उत्तर प्रदेश वन ट्रिलियन इकोनॉमी की ओर तेजी से बढ़ रहा है और निवेशक प्रदेश में निवेश के लिए उत्साहित हैं।

मंत्री ने आगे कहा कि प्रदेश में जीरो टॉलरेंस नीति के तहत काम हो रहा है। पहले अराजकता, गुंडाराज, बिजली संकट और जर्जर सड़कों की स्थिति थी, लेकिन अब विकास कार्य तेजी से हो रहे हैं और निवेशकों का विश्वास मजबूत हुआ है। वनांचल क्षेत्रों में नेटवर्क समस्या को लेकर उन्होंने भरोसा दिलाया कि हर जगह बेहतर कनेक्टिविटी उपलब्ध कराई जाएगी और चिंता की कोई बात नहीं है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *