शादी में गया था परिवार, सूने मकान से ढाई लाख के जेवर पार, हलवाई बना चोरी की साजिश का सूत्रधार

रायसेन (बरेली)। मध्य प्रदेश के रायसेन जिला अंतर्गत बरेली थाना क्षेत्र में शादी समारोह के दौरान सूने मकान को निशाना बनाकर ढाई लाख से ज्यादा की चोरी का मामला सामने आया है। 19 फरवरी की रात गुरारिया रोड धोखेड़ा निवासी आशुतोष शर्मा का परिवार शादी में शामिल होने शिवशक्ति रिसोर्ट गया हुआ था, तभी अज्ञात बदमाशों ने घर का ताला तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण और नगदी पर हाथ साफ कर दिया।

शिकायत दर्ज होने के बाद बरेली थाना पुलिस ने मामला कायम कर जांच शुरू की। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर नरसिंहपुर निवासी दिलीप उर्फ चिलम को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में उसने अपने साथियों सनी उर्फ प्रभात, आनंद उर्फ गुरु उर्फ साधु और हलवाई छुट्टन पचौरी के साथ मिलकर चोरी की साजिश रचने की बात कबूल की। बताया गया कि हलवाई को परिवार के शादी में जाने की जानकारी थी और उसी सूचना का फायदा उठाकर आरोपियों ने वारदात को अंजाम दिया।

पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से सोने-चांदी के आभूषण और घटना में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल समेत करीब 2 लाख 75 हजार रुपये का माल बरामद किया है। एक विधि विरुद्ध बालक को भी अभिरक्षा में लिया गया है। फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर आगे की कार्रवाई में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *