‘मुझे मार डालेंगे…’ मैसेज के अगले दिन जंगल में पेड़ से लटका मिला स्कूल बाबू का शव, संदिग्ध मौत से हड़कंप

सिंगरौली। मध्य प्रदेश के सिंगरौली जिला के चितरंगी थाना क्षेत्र में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय हरफरी में पदस्थ बाबू गजेंद्र सिंह का शव जंगल में पेड़ से फांसी के फंदे पर लटका मिला। 31 वर्षीय गजेंद्र सिंह मूल रूप से सीधी जिला के अतरैला गांव के निवासी थे और वर्ष 2014 से हरफरी विद्यालय में कार्यरत थे।

बताया जा रहा है कि घटना से एक दिन पहले उन्होंने अपनी मां के मोबाइल पर संदेश भेजा था, जिसमें लिखा था— “मुझे लोग मार डालेंगे।” इस संदेश के अगले ही दिन उनका शव सौ कोहंडल जंगल में पेड़ से लटका मिला, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।

सूचना मिलते ही चितरंगी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। हत्या की आशंका को देखते हुए डॉग स्क्वॉड की मदद भी ली गई, लेकिन फिलहाल कोई ठोस सुराग हाथ नहीं लगा है। पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चितरंगी भेजा गया है।

प्राथमिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन पुलिस का कहना है कि असली वजह का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। घटना ने इलाके में कई सवाल खड़े कर दिए हैं और हर कोई यही जानना चाहता है कि आखिर उस मैसेज के पीछे की सच्चाई क्या थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *