महाकाल के दर पर भारतीय क्रिकेटर, कर्ण शर्मा और सिद्धार्थ कौल ने किए भस्म आरती दर्शन

उज्जैन। मध्यप्रदेश के उज्जैन स्थित विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर में आज सुबह आस्था और खेल जगत का संगम देखने को मिला, जब भारतीय क्रिकेट टीम के खिलाड़ी कर्ण शर्मा और सिद्धार्थ कौल बाबा महाकाल के दर्शन के लिए पहुंचे।

दोनों खिलाड़ी तड़के होने वाली प्रसिद्ध भस्म आरती में शामिल हुए और ज्योतिर्लिंग भगवान श्री महाकालेश्वर का आशीर्वाद लिया। मंदिर में आम श्रद्धालुओं के साथ मौजूद रहकर उन्होंने पूरी श्रद्धा के साथ आरती में भाग लिया और नंदी के कान में अपनी मनोकामना भी कही।

भस्म आरती के बाद मंदिर समिति की ओर से दोनों क्रिकेटरों का सम्मान किया गया। इस दौरान कर्ण शर्मा ने कहा कि जब भी बाबा महाकाल बुलाते हैं, वे यहां चले आते हैं। उन्होंने मंदिर की व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए कहा कि यहां आकर विशेष शांति और ऊर्जा का अनुभव होता है।

वहीं सिद्धार्थ कौल ने कहा कि बाबा महाकाल के दर्शन से एक अलग तरह की पॉजिटिव एनर्जी मिलती है। उन्होंने श्रद्धालुओं से अपील की कि हर व्यक्ति को जीवन में एक बार भस्म आरती का अनुभव जरूर करना चाहिए।

महाकाल की नगरी में क्रिकेटरों की मौजूदगी ने श्रद्धालुओं के उत्साह को और बढ़ा दिया और एक बार फिर यह संदेश दिया कि आस्था के आगे हर पहचान छोटी पड़ जाती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *