श्रीराम कॉलेज में 37 लाख रुपए का फीस घोटाला! अकाउंटेंट ने छात्रों से कैश लेकर अपने खाते में पहुंचाई रकम

 जबलपुर। जबलपुर के माढ़ोताल थाना क्षेत्र स्थित श्रीराम कॉलेज में फीस के नाम पर करीब 37 लाख रुपए के कथित गबन और वित्तीय अनियमितता का मामला सामने आया है। आरोप है कि कॉलेज के अकाउंटेंट ने छात्रों से फीस के तौर पर नकद रकम ली और उसे कॉलेज के बैंक खाते में जमा कराने के बजाय अपने निजी खाते में ट्रांसफर कर लिया। मामले का खुलासा होने के बाद कॉलेज प्रबंधन की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी अकाउंटेंट के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

बताया जा रहा है कि कॉलेज के करीब 14 छात्रों को नो-ड्यूज सर्टिफिकेट मिलने में परेशानी हो रही थी। छात्रों ने जब इसकी शिकायत कॉलेज प्रबंधन से की तो फीस से जुड़े रिकॉर्ड की क्रॉस-चेकिंग और आंतरिक जांच कराई गई। इसी जांच के दौरान फीस जमा होने के रिकॉर्ड में गड़बड़ियां सामने आईं और कथित 37 लाख रुपए के इस फर्जीवाड़े का खुलासा हुआ।

पुलिस के मुताबिक आरोपी अकाउंटेंट चंद्रमोहन सिंह ठाकुर वर्ष 2017 से कॉलेज में काम कर रहा था। आरोप है कि उसने छात्रों से फीस कॉलेज के अधिकृत बैंक खाते में ऑनलाइन या बैंकिंग माध्यम से जमा कराने के बजाय नकद में वसूली। इसके बाद इस रकम को कॉलेज के खाते में जमा करने के बजाय कथित तौर पर अपने निजी खाते में ट्रांसफर कर लिया।

मामला सामने आने के बाद आरोपी अकाउंटेंट चंद्रमोहन सिंह ठाकुर जनवरी 2026 से ही कॉलेज से बिना बताए गायब बताया जा रहा है। कॉलेज के प्राचार्य शैलेष गुप्ता की शिकायत के आधार पर माढ़ोताल पुलिस ने आरोपी के खिलाफ गबन और धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया है और उसकी तलाश शुरू कर दी है।

अब पुलिस इस पूरे मामले में यह जांच कर रही है कि फीस के नाम पर कितनी रकम वसूली गई, वह किस तरह निजी खाते में पहुंचाई गई और इस कथित फर्जीवाड़े में आरोपी के अलावा किसी और की भूमिका थी या नहीं। फिलहाल आरोपी फरार है और पुलिस की जांच आगे बढ़ रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *