दतिया उपचुनाव के बीच सियासत की दिलचस्प तस्वीर! एक ही ट्रेन में सफर करते दिखे बीजेपी और कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष, तस्वीरें हुईं वायरल

भोपाल। दतिया विधानसभा उपचुनाव को लेकर मध्य प्रदेश की सियासत पूरी तरह गर्माई हुई है। आरोप-प्रत्यारोप और चुनावी रणनीतियों के बीच अब एक ऐसी तस्वीर सामने आई है, जिसने राजनीतिक गलियारों में नई चर्चा छेड़ दी है। भाजपा और कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष एक ही ट्रेन के डिब्बे में सफर करते नजर आए।

दरअसल, दतिया उपचुनाव की तैयारियों का जायजा लेने और पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ बैठकें करने के लिए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल और कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी दतिया जा रहे थे। इसी दौरान दोनों नेताओं की मुलाकात ट्रेन में हो गई।

ट्रेन के एक ही डिब्बे में आमने-सामने आए दोनों नेताओं के बीच कुछ देर तक सहज माहौल में बातचीत भी हुई। हालांकि, बातचीत में किन मुद्दों पर चर्चा हुई, इसका कोई आधिकारिक विवरण सामने नहीं आया है, लेकिन इस मुलाकात की तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं।

यह मुलाकात ऐसे समय हुई है, जब दतिया उपचुनाव दोनों प्रमुख दलों के लिए प्रतिष्ठा का विषय बन चुका है। भाजपा और कांग्रेस दोनों ही इस सीट को जीतने के लिए पूरी ताकत झोंक चुकी हैं। प्रदेश स्तर के नेता लगातार दतिया में डेरा डाले हुए हैं और चुनावी समीकरणों को अपने पक्ष में करने की कोशिश कर रहे हैं।

एक ओर जहां भाजपा अपने संगठन और सरकार की योजनाओं के दम पर चुनावी मैदान में उतरी है, वहीं कांग्रेस भी इस सीट पर मजबूत प्रदर्शन का दावा कर रही है। ऐसे में दोनों प्रदेश अध्यक्षों का एक साथ सफर करना लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गया है।

राजनीति में मतभेद हो सकते हैं, लेकिन इस तस्वीर ने एक बार फिर यह संदेश दिया है कि लोकतंत्र में संवाद और शिष्टाचार की अपनी एक अलग जगह होती है। अब सबकी नजर दतिया उपचुनाव के नतीजों पर टिकी है कि चुनावी पटरी पर आखिर किस पार्टी की गाड़ी मंजिल तक पहुंचती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *