इश्क, बेवफाई और कत्ल का खौफनाक खेल… प्रेमी को मौत के घाट उतार ‘कातिल हसीना’ ने रची साजिश

रायसेन। मध्य प्रदेश के रायसेन से प्यार, धोखा और हत्या की सनसनीखेज कहानी सामने आई है, जहां सोशल मीडिया पर शुरू हुआ इश्क एक युवक की मौत की वजह बन गया। पुलिस ने अंधे कत्ल का खुलासा करते हुए एक महिला समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि नरसिंहपुर के साईंखेड़ा की रहने वाली रीना किरार को उसके पति ने छोड़ दिया था, जिसके बाद उसके बचपन के प्रेमी अरुण पटेल ने उसे सहारा दिया और लग्जरी जिंदगी दी। लेकिन इसी दौरान रीना की दोस्ती फेसबुक पर राजस्थान के बीरू जाट से हो गई। धीरे-धीरे दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और बीरू का रीना के घर आना-जाना शुरू हो गया।

रीना और बीरू की बढ़ती नजदीकियों से अरुण पटेल नाराज रहने लगा। बताया जा रहा है कि अरुण ही रीना के घर का पूरा खर्च उठाता था और इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद बढ़ने लगा। इसके बाद रीना ने अपने पुराने प्रेमी अरुण के साथ मिलकर बीरू को रास्ते से हटाने की साजिश रच डाली।

29 अप्रैल को रीना ने बीरू जाट को मिलने के बहाने अपने घर बुलाया। जैसे ही बीरू घर पहुंचा, पहले से मौजूद अरुण पटेल और उसके साथी ने उस पर बेसबॉल बैट से हमला कर दिया। हमले में बीरू की मौके पर ही मौत हो गई। हत्या के बाद शव को बोरी में भरकर कार की डिक्की में रखा गया और साईंखेड़ा से ले जाकर बाड़ी इलाके के नागिन मोड़ सिरवारा ब्रिज के नीचे फेंक दिया गया।

वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी लगातार ठिकाने बदलते रहे। पुलिस से बचने के लिए वे बाड़ी से इटारसी, फिर मुंबई, इंदौर और उज्जैन तक भागते रहे, लेकिन आखिरकार पुलिस ने तकनीकी जांच और लगातार पीछा कर आरोपियों को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपियों ने हत्या की पूरी साजिश कबूल कर ली। पुलिस ने महिला रीना किरार, उसके प्रेमी अरुण पटेल और उसके साथी हरणाम किरार को गिरफ्तार कर लिया है। अब पुलिस पूरे मामले की आगे की जांच में जुटी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *