होटल में धर्मांतरण का खेल या आध्यात्मिक सम्मेलन? रतलाम के होटल में मचा हंगामा, हिंदू संगठन के आरोपों से गरमाया माहौल, पुलिस जांच में जुटी

रतलाम। मध्य प्रदेश के रतलाम में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब शहर के एक निजी होटल में चल रहे मसीही आध्यात्मिक सम्मेलन को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया। अजंता टॉकीज स्थित होटल में आयोजित इस कार्यक्रम पर हिंदू संगठनों ने धर्मांतरण कराने का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा कर दिया। देखते ही देखते मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई और माहौल तनावपूर्ण बन गया।

बताया जा रहा है कि सम्मेलन में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए थे। इसी दौरान हिंदू संगठन से जुड़े कार्यकर्ताओं को सूचना मिली कि होटल के भीतर धर्म परिवर्तन जैसी गतिविधियां चल रही हैं। इसके बाद संगठन के लोग मौके पर पहुंचे और कार्यक्रम का विरोध शुरू कर दिया। दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस हुई और हालात बिगड़ने लगे।

हंगामे की सूचना मिलते ही स्टेशन रोड थाना पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी बड़ी संख्या में पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाइश देकर स्थिति को नियंत्रित किया और होटल परिसर में जांच शुरू कर दी। अधिकारियों ने कार्यक्रम में मौजूद लोगों से पूछताछ की और यह जानने की कोशिश की कि सम्मेलन में शामिल लोग कहां-कहां से आए थे।

हिंदू संगठनों का आरोप है कि धार्मिक आयोजन की आड़ में लोगों को प्रभावित कर धर्मांतरण कराया जा रहा था, जबकि आयोजन से जुड़े लोगों ने इन आरोपों को गलत बताया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और सम्मेलन में मौजूद लोगों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। रतलाम की इस घटना ने एक बार फिर प्रदेश में धर्मांतरण के मुद्दे को लेकर सियासी और सामाजिक बहस को तेज कर दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *