खंडवा। मध्य प्रदेश के खंडवा जिले में स्थित मनोकामेश्वर हनुमान मंदिर में हुई बड़ी चोरी की वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई है। किशोर नगर स्थित इस मंदिर को देर रात चोरों ने निशाना बनाया और भगवान के मुकुट, छत्र समेत कई धार्मिक सामान पर हाथ साफ कर दिया। मंदिर के पुजारी पंडित मनोज उपाध्याय के मुताबिक बदमाश करीब 7 किलो चांदी के मुकुट और अन्य चांदी के सामान चोरी कर ले गए। इतना ही नहीं, मंदिर में रखे अलग-अलग दान पात्रों से करीब 10 हजार रुपए नकद भी गायब मिले।
सुबह जब मंदिर के पुजारी पूजा करने पहुंचे तो अंदर का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए। मंदिर के ताले टूटे हुए थे और धार्मिक सामग्री बिखरी पड़ी थी। घटना की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु और स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए। लोगों में इस वारदात को लेकर भारी नाराजगी देखने को मिली।
मामले की सूचना मिलते ही सीएसपी अभिनव बारंगे पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की गई। पुलिस ने मंदिर परिसर और आसपास के इलाकों का निरीक्षण किया। चोर वारदात को अंजाम देने के बाद मंदिर में लगे CCTV कैमरों को भी तोड़ गए, ताकि उनकी पहचान न हो सके। हालांकि पुलिस आसपास के दूसरे कैमरों के फुटेज खंगाल रही है और संदिग्धों की तलाश की जा रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इलाके में पिछले कुछ समय से चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ रही थीं, लेकिन मंदिर में हुई इस बड़ी चोरी ने लोगों की आस्था को गहरा झटका पहुंचाया है। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच में जुटी हुई है।

