देवास। मध्य प्रदेश के देवास जिले में गुरुवार सुबह उस वक्त अफरा-तफरी मच गई जब टोंक कलां क्षेत्र स्थित एक पटाखा फैक्ट्री में अचानक जोरदार विस्फोट हो गया। धमाका इतना भीषण था कि कई किलोमीटर दूर तक उसकी आवाज सुनाई दी और पूरा इलाका दहल उठा। शुरुआती जानकारी के मुताबिक इस हादसे में 3 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक दर्जन से ज्यादा लोग घायल बताए जा रहे हैं। धमाके के बाद फैक्ट्री परिसर में चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग डर के मारे घरों से बाहर निकल आए।
घटना के तुरंत बाद प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया गया। घायल मजदूरों को इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा गया, वहीं गंभीर रूप से झुलसे लोगों को इंदौर के एमवाय अस्पताल रेफर किया गया है। बताया जा रहा है कि कई लोगों की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है।
हादसा इतना खतरनाक था कि धमाके के बाद शवों के टुकड़े 20 से 25 फीट दूर तक जा गिरे। फैक्ट्री में काम कर रहे कई लोग बुरी तरह झुलस गए। मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा और पूरे इलाके को सुरक्षा के लिहाज से घेर लिया गया।
फिलहाल धमाके की असली वजह सामने नहीं आई है, लेकिन प्रशासन अब इस बात की जांच कर रहा है कि फैक्ट्री में सुरक्षा मानकों का पालन हो रहा था या नहीं। कलेक्टर ने दो लोगों की मौत की पुष्टि की है, जबकि अस्पताल के आरएमओ ने 3 मौतों की बात कही है। प्रशासन मृतकों और घायलों की पहचान में जुटा हुआ है और पूरे मामले की जांच जारी है।

