भोपाल। मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में चर्चित ट्विशा शर्मा मर्डर मिस्ट्री अब नया मोड़ लेती दिखाई दे रही है। इस हाई प्रोफाइल मामले में आरोपी समर्थ सिंह ने अब अग्रिम जमानत के लिए हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया है। समर्थ सिंह ने जबलपुर हाईकोर्ट की खंडपीठ में याचिका दाखिल की है। वहीं दूसरी तरफ पीड़ित परिवार भी तुरंत एक्टिव हो गया है और कोर्ट से आरोपी को जमानत न देने की अपील की है।
बताया जा रहा है कि इससे पहले भोपाल की जिला अदालत यानी लोअर कोर्ट आरोपी समर्थ सिंह की अग्रिम जमानत याचिका खारिज कर चुकी है। लोअर कोर्ट से राहत नहीं मिलने के बाद अब समर्थ सिंह ने हाईकोर्ट में गुहार लगाई है।
इधर पीड़ित परिवार का कहना है कि इस मामले में आरोप बेहद गंभीर हैं और अगर आरोपी को अग्रिम जमानत मिलती है तो जांच प्रभावित हो सकती है। इसी वजह से पीड़ित पक्ष ने जबलपुर हाईकोर्ट में अपील दाखिल कर समर्थ सिंह को किसी भी हालत में अग्रिम जमानत न देने की मांग की है।
इतना ही नहीं, पीड़ित परिवार ने ट्विशा की सास और रिटायर्ड जज गिरिबाला सिंह की जमानत रद्द करने की भी मांग उठाई है। परिवार का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच के लिए सभी आरोपियों पर सख्त कार्रवाई जरूरी है।
अब इस पूरे मामले पर सबकी नजर जबलपुर हाईकोर्ट पर टिकी हुई है। देखना होगा कि कोर्ट दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद आरोपी समर्थ सिंह की अग्रिम जमानत याचिका पर क्या फैसला सुनाता है।

