खजुराहो। मध्य प्रदेश के पर्यटन नगरी खजुराहो से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। एक मांगलिक कार्यक्रम के दौरान वीडियो रिकॉर्ड करते समय अचानक मोबाइल फोन में जोरदार धमाका हो गया। इस हादसे में मोबाइल चला रहा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार, महाराजपुर थाना क्षेत्र के फुलारी गांव निवासी राकेश पाल खजुराहो के वार्ड नंबर 8 में आयोजित एक सगाई समारोह में शामिल होने पहुंचे थे। कार्यक्रम के दौरान वे अपने मोबाइल फोन से वीडियो बना रहे थे। इसी बीच अचानक मोबाइल फोन में तेज आवाज के साथ विस्फोट हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, धमाका इतना तेज था कि मौके पर मौजूद लोग घबरा गए और समारोह स्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हादसे में राकेश पाल के मुंह और सीने पर गंभीर चोटें आई हैं।
घटना के तुरंत बाद परिजन और स्थानीय लोगों ने घायल युवक को नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत गंभीर देखते हुए उन्हें जिला चिकित्सालय छतरपुर रेफर कर दिया, जहां उनका इलाज जारी है।
फिलहाल, मोबाइल में विस्फोट होने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। प्रारंभिक तौर पर बैटरी में खराबी या ओवरहीटिंग को संभावित वजह माना जा रहा है। घटना के बाद इलाके में मोबाइल सुरक्षा को लेकर भी चर्चा तेज हो गई है।
इस हादसे ने एक बार फिर मोबाइल फोन के सुरक्षित उपयोग को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि मोबाइल चार्जिंग, बैटरी की स्थिति और अत्यधिक गर्म होने जैसी बातों पर विशेष ध्यान देना बेहद जरूरी है।

